परिषद् ने प्रेस को निरंतर परामर्श दिया है कि वह अपनी रिपोर्टिंग में संयम और सावधानी बरते। यह इसे लेकर सहमत है कि एक ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए जिसमें, आत्म-नियमन के माध्यम से प्रेस अपनी स्वतंत्रता और अपने दायित्व के निर्वहन के बीच अनुकूल संतुलन सुनिश्चित करे। इसी मूल उद्देश्य को प्रेस परिषद संवर्धित और प्रतिष्ठापित करना चाहती है।
प्रेस परिषद अधिनियम, 1978 की धारा 13 (ख) के तहत, परिषद को अधिदेश प्राप्त है कि वह समाचारपत्रों और समाचार एजेंसियों तथा पत्रकारों द्वारा उच्च स्तर प्राप्त करने हेतु एक आचार-संहिता बनाए। । इसी के अनुसरण में, परिषद् द्वारा दिये गये न्यायनिर्णयों और अन्य उद्घोषणाओं के आधार पर, परिषद् ने कई वर्षों में सिद्धांत बनाये हैं जिन्हें पत्रकारों द्वारा वृत्तिक कर्त्तव्यों के निर्वाह में अपने आचरण को नियमित करने के लिए समुचित विवेक सहित अंगीकार करके लागू किये जाने की आशा की जाती है । इसी दिशा में परिषद द्वारा निम्नलिखित का प्रकाशन किया गया है।